रांची। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा ने रविवार को झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सुप्रियो भट्टाचार्य को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि झामुमो भाजपा प्रदेश बाबूलाल मरांडी की 81विधानसभा क्षेत्रों में संपन्न ऐतिहासिक संकल्प यात्रा से हताश और निराश है। अपनी खिसकते जनाधार से झामुमो परेशान है।
उन्होंने कहा कि जनता में हेमंत सरकार की लूट, झूठ, भ्रष्टाचार, ध्वस्त विधि व्यवस्था, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न पूरी तरह उजागर हो चुका है। नाम बदलकर आदिवासियों की जमीन लूटने वाले को परेशान होना स्वाभाविक है। तुष्टिकरण से प्रदेश को अराजकता में झोंकने वाले परेशान होंगे ही।
वर्मा ने कहा कि जल,जंगल जमीन को किसने लूटा यह जनता को पता लग गया है। गरीबों के अनाज किसने लूटे जनता जान चुकी है। किसके राज में बहन बेटियों को टुकड़ों टुकड़ों में काटा गया, पेट्रोल छिड़क कर जलाया गया यह जनता जान चुकी है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के लिए भाजपा तैयार है। राज्य का ठगबंधन अपने पाप से ही पराजित हो जायेगा।